अयोध्या, 17 अगस्त 2026 (सू0वि0) जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में तहसील सोहावल में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व, खड़ंजा, नाली, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*तालाब, पशुचर एवं चकमार्ग की जमीन कब्जा मुक्त करते हुए उत्तरदायित्व निर्धारित करें:जिलाधिकारी*
पिलखावा थाना रौनाही निवासी द्वारा तालाब की भूमि पर विपक्षी द्वारा अवैध मकान बनाए जाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने एसडीएम सोहावल एवं एसएचओ रौनाही को तत्काल जांच कर अवैध कब्जे को हटवाने तथा संबंधित के उत्तरदायित्व का निर्धारण करने के निर्देश दिए।
पूरे नवी सिंह विशुनपुरसारा निवासी द्वारा चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम एवं संबंधित खंड विकास अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चकमार्ग को कब्जामुक्त कराने तथा उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए। बाबा का पुरवा निवासी धूपचंद्र द्वारा भी चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, जिस पर एसडीएम सोहावल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मोइयाकपूर निवासी द्वारा पशुचर खाते की भूमि को कब्जामुक्त कराने संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सोहावल को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए।
थाना पूराकलंदर क्षेत्र के पुरवा सरियावा निवासी द्वारा चकमार्ग पर अतिक्रमण एवं नवीन परती भूमि पर निर्माण की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने एसडीएम को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई तथा संबंधित के उत्तरदायित्व का निर्धारण करने के निर्देश दिए। वहीं, अरथर निवासी द्वारा बंटवारे के आदेश का स्थल पर अनुपालन कराए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र पर भी जिलाधिकारी ने एसडीएम को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
*कुल 508 शिकायतों में से 67 का तत्काल निस्तारण,शेष का भी निस्तारण दो सप्ताह के अंदर कराने के निर्देश*
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनपद की पांचों तहसीलों में कुल 508 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 67 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसील सोहावल में 142 प्रकरणों में से 20, सदर तहसील में 139 में से 18, रुदौली में 42 में से 8, मिल्कीपुर में 149 में से 15 तथा बीकापुर तहसील में 36 प्रकरणों में से 6 का तत्काल निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष प्रकरणों का दो सप्ताह के अंदर निस्तारण कराया जाए।

