गरियाबंद/छुरा (चंद्रहास निषाद)। विकासखंड छुरा के ग्राम रुवाड़ स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त भवन की मांग को लेकर पिछले करीब एक सप्ताह से छात्र-छात्राओं और पालकों द्वारा किया जा रहा धरना आखिरकार रंग लाया। विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए आवश्यक अतिरिक्त कक्षों की मांग पर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए विद्यालय के लिए 4 अतिरिक्त कक्ष निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय गरियाबंद द्वारा 17 अगस्त 2026 को जारी पत्र के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुवाड़, विकासखंड छुरा के लिए VBG-RAMG मद से 04 अतिरिक्त कक्ष निर्माण की स्वीकृति कलेक्टर जिला गरियाबंद द्वारा प्रदान की गई है।
गौरतलब है कि विद्यालय में भवन एवं अतिरिक्त कक्षों की कमी को लेकर छात्र-छात्राओं, पालकों और ग्रामीणों ने लगातार आवाज उठाई थी। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने धरना शुरू कर दिया था। सप्ताहभर चले इस आंदोलन के बाद प्रशासन ने मांग को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मंजूरी दी है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने स्वीकृति की जानकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुरा सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों, विद्यालय के प्राचार्य, ग्राम पंचायत रुवाड़ के सरपंच तथा ग्रामवासियों को भी दी है।
छात्रों और पालकों में खुशी
चार अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति मिलने के बाद छात्रों, पालकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। भवन निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और पढ़ाई में हो रही परेशानियां दूर होंगी।
सप्ताहभर तक चले धरने के बाद मिली यह मंजूरी ग्रामीणों और विद्यार्थियों के संघर्ष की बड़ी जीत मानी जा रही है।

