सीहोर, 25 अगस्त 2026
आष्टा अनुविभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिद्दीकगंज में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर एसडीएम श्री महेन्द्र प्रताप सिंह किरार के निर्देशानुसार सहायक आपूर्ति अधिकारी मिताली मेहरा द्वारा दुकान का तत्काल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों ने राशन वितरण में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की। इनमें दुकान का समय पर नहीं खुलना तथा पीओएस मशीन में बायोमेट्रिक लगाकर राशन सामग्री प्रदान नहीं किए जाने जैसी शिकायतें शामिल थीं। मौके पर उचित मूल्य दुकान संचालक विनोद गोस्वामी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर निरीक्षणकर्ता अधिकारी ने दुकान के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया।
इस प्रकरण में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2015 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर उचित मूल्य दुकान विक्रेता को तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सामग्री वितरण के दायित्व से पृथक कर दिया गया है। साथ ही खाद्यान्न स्टॉक में अंतर पाए जाने पर 7 लाख 70 हजार 442 रुपये 14 पैसे की राशि शासन मद में जमा कराने के आदेश संबंधितों के विरुद्ध दिए गए हैं।
एसडीएम श्री महेन्द्र प्रताप सिंह किरार ने स्पष्ट किया है कि शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण संबंधी अनियमितता या शिकायत पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

