भोपाल, 07/08/2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भोपाल के जवाहर चौक स्थित सरस्वती नगर के खादी ग्रामोद्योग भवन पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज एवं वस्त्र खरीदा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि हमारे स्वाधीनता संग्राम की आत्मा और आत्मनिर्भर भारत का सशक्त प्रतीक है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने खादी को स्वदेशी, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाया था। आज भी खादी भारतीय संस्कृति, आत्मनिर्भरता और स्थानीय कारीगरों के सम्मान का प्रतीक बनी हुई है। मध्यप्रदेश के चंदेरी, महेश्वरी, नंदना प्रिंट और बाग प्रिंट जैसी समृद्ध हस्तकरघा परंपराएँ हमारे बुनकर साथियों की अद्भुत प्रतिभा, परिश्रम और सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं।

खादी अपनाएं, स्थानीय बुनकरों को सशक्त बनाएं
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 7 अगस्त भारतीय इतिहास में स्वदेशी आंदोलन की प्रेरणादायी तिथि है। वर्ष 1905 में इसी दिन कोलकाता से स्वदेशी आंदोलन का शंखनाद हुआ था। उसी ऐतिहासिक विरासत को स्मरण करते हुए देशभर में राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस मनाया जाता है। देश के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 45 लाख बुनकर हैंडलूम उद्योग से जुड़े हुए हैं, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। कृषि के बाद हैंडलूम एवं बुनकर उद्योग देश में रोजगार का सबसे बड़ा आधार है। हमारे पारंपरिक वस्त्र न केवल भारतीय संस्कृति और विरासत के संवाहक हैं, बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका का भी प्रमुख साधन हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक हैंडलूम और खादी से बने वस्त्रों का उपयोग करें, ताकि स्थानीय बुनकरों और कारीगरों को रोजगार एवं आर्थिक मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी को बढ़ावा देने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक श्री सुयश त्यागी एवं जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

