विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
भोपाल, 24 अगस्त। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने सोमवार को अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कर औद्योगिक उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही विद्युत वितरण व्यवस्था को देखा और कंपनी द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के उच्चदाब एवं निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं के साथ बैठक आयोजित कर संवाद किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक संचा.सधा. भोपाल वृत्त श्री जाहिद अजीज खान, उप महाप्रबंधक भोपाल संचा.संधा. संभाग श्री नवनीत गुप्ता एवं अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र के सभी औद्योगिक उच्चदाब एवं निम्नदाब उपभोक्ता बैठक में शामिल थे।
प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कहा कि कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए बिजली कंपनी कृत संकल्पित है। औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ता कंपनी के राजस्व में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्हें विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ता सेवाएं प्राथमिकता से दी जा रही हैं। उन्होंनें अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र में विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था की निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कहा कि संबंधित महाप्रबंधक औद्योगिक उपभोक्ताओं के साथ बैठक आयोजित कर बिलिंग से संबंधित समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करें। प्रबंध संचालक ने निर्देशित किया कि बिलिंग से जुड़े विषयों को स्पष्ट रूप से समझाते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान प्रबंध संचालक ने उच्चदाब उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

