कलेक्टर-सहित अधिकारियों ने सुनीं नागरिकों की समस्यांए, मौके पर कराया समाधान
सीहोर, 07 अगस्त, 2026
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश के साथ ही सीहोर जिले मे भी 07 अगस्त से 08 जनवरी 2027 तक मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर श्यामपुर में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव सहित सभी विभागों के जिला अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकांश प्रकरणों का मौके पर समाधान भी कराया। इसके साथ ही अन्य आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में सभी विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों को लाभान्वित करने के लिए स्टॉल भी लगाए गए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने स्टॉल का निरीक्षण भी किया और सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें तथा आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, तहसीलदार श्री श्याम चंदेले, जनपद सीईओ श्रीमती नमिता बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
शिविर में आए ये आवेदन, तुरंत हुआ निराकरण
जनपद सीईओ श्रीमती नमिता बघेल ने बताया कि इस अवसर पर आयोजित शिविर में पेंशन के 02 तथा जॉबकार्ड का 01 आवेदन आया जिन्हें तुरंत ही निराकृत करा दिया गया। इसी प्रकार शिविर में सीहोर जनपद के 28 सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया। इसके अलावा बिजली संबंधी 01, लोक गारंटी में पंचायती राज के 68, स्वास्थ्य विभाग के 177, राजस्व के 1300, तहसीलदारों के 55, समग्र आईडी के 05 और आयुष्मान का 01 एक आवेदन आया।

