आरपीएफ कार्रवाई में एक व्यक्ति गिरफ्तार, राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
कोटा। श्रावणी मेले के दौरान रेलवे परिसर में अवैध शराब की तस्करी एवं अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोटा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल मंडल टीम के उप निरीक्षक श्री सुमित रघुवंशी, आरपीएफ पोस्ट कोटा के सहायक उप निरीक्षक श्री हरवंश बघेल तथा राजकीय रेलवे पुलिस कोटा की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर चेकिंग के दौरान एक कोच अटेंडेंट को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पाया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसकी पहचान जीतू कुमार (36 वर्ष) निवासी पटना (बिहार) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके बैग से विंटेज जामुन वोदका के 29 क्वार्टर (प्रत्येक 180 मिली) तथा मूनवॉक जामुन वोदका के 24 क्वार्टर (प्रत्येक 180 मिली) बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 53 क्वार्टर, लगभग 9.54 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4,000 रुपये है।
बरामद शराब सहित आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस, कोटा के सुपुर्द कर दिया गया।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री का परिवहन अथवा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों में संलिप्त न हों। यदि किसी यात्री को रेलवे परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से दें, ताकि सुरक्षित एवं अपराधमुक्त रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

