मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में शत-प्रतिशत समयपालन, अगस्त में 5वीं और वित्तीय वर्ष 2026-27 में 9वीं बार हासिल की उपलब्धि

कोटा। कोटा मंडल ने ट्रेनों के समयपालन के क्षेत्र में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 अगस्त 2026 को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया। इस दिन कोटा मंडल भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में समयपालन के मामले में प्रथम स्थान पर रहा।
यह उपलब्धि लगातार बेहतर होते प्रदर्शन को दर्शाती है। इससे पहले 08, 13, 19 और 20 अगस्त 2026 को भी कोटा मंडल ने मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल करते हुए भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस प्रकार अगस्त माह में यह कोटा मंडल की 5वीं तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 में 9वीं बार शत-प्रतिशत समयपालन की उपलब्धि है।
वित्तीय वर्ष में 9वीं बार शत-प्रतिशत समयपालन
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोटा मंडल ने इससे पहले 04 मई, 05 मई, 27 मई, 29 जून तथा 08, 13, 19 और 20 अगस्त 2026 को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया था। इन अवसरों पर भी मंडल भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान पर रहा।
बेहतर योजना और रियल टाइम मॉनिटरिंग से मिला परिणाम
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने समयपालन में लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए मंडल की परिचालन टीम के प्रयासों की सराहना की। वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में ट्रेनों के संचालन की अग्रिम योजना, रियल टाइम मॉनिटरिंग तथा विभिन्न स्तरों पर त्वरित निर्णय लेने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

