सीहोर। मध्य प्रदेश शासन द्वारा सीहोर नगर पालिका के मनोनीत पार्षद एल्डरमैन नियुक्त किए जाने पर शहर के कोलीपुरा स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस मौके पर मंदिर के संत माधवदास महाराज ने नवनियुक्त एल्डरमैन हर्षा राठौर, अतुल तिवारी, शेर सिंह राजपूत, राजेश परिहार, कपिल कुशवाहा, तुषार सोनी आदि का स्वागत किया। स्वागत-सम्मान कार्यक्रम के दौरान सनातन सेना के प्रदेश सचिव पवन केवट, महेश कुमार, गणेश यादव, आयुष गुप्ता आदि ने पुष्प माला पहनाई। इस दौरान नव नियुक्त एल्डरमैन अतुल तिवारी ने कहाकि वह जिला क्रिकेट एसोसिएशन और मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी है और शहर का तेजी से विकास हो रहा है। जनता और परिषद के मध्य वह शासन के द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पालन करेंगे। प्रतिनिधि के रूप में नागरिकों की समस्याओं को सुनना और उन्हें हल करने के लिए परिषद तक पहुंचाना उनका दायित्व रहेगा।
वहीं संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित मामा सभी नवनियुक्त एल्डरमैन को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ नगर पालिका के विकास कार्यों और जनहित के निर्णयों में मिलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी सभी एल्डरमैन का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

