कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ 100 से अधिक छात्राओं ने लिया भाग
शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय, बालाघाट में मंगलवार, 1 जुलाई 2026 को मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार नवप्रवेशित छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर ने की।कार्यक्रम का संचालन ई-प्रवेश समिति की संयोजक डॉ. अनुभूति सेंडीमन के संयोजन तथा डॉ. सुनील कुमार मासुलकर, डॉ. दीपरत्ना मासुलकर एवं आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. स्वाति खोब्रागड़े के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस में नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत एवं पंजीकरण किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर ने स्वागत भाषण देते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, उपलब्धियों एवं संस्थान के विजन से छात्राओं को अवगत कराया।
सभी संकाय सदस्यों ने अपने-अपने विभागों का परिचय देते हुए छात्राओं से संवाद स्थापित किया।इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) समिति द्वारा छात्राओं को शैक्षणिक संरचना एवं परीक्षा प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। वरिष्ठ छात्राओं के साथ इंटरेक्टिव सत्र एवं आईस-ब्रेकिंग गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालयीन वातावरण से परिचित होने का अवसर मिला। वहीं, खेल विभाग द्वारा छात्राओं को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया। दीक्षारंभ कार्यक्रम में 100 से अधिक नवप्रवेशित छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

