झांसी, 01 जुलाई 2026। मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक आज मंडल कार्यालय, झांसी में मंडल रेल प्रबंधक एवं समिति के अध्यक्ष श्री अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समिति के 19 में से 15 सदस्यों ने सहभागिता करते हुए यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास, रेल सेवाओं, स्वच्छता एवं अन्य जनहित के विषयों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव मंडल प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।
बैठक का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक द्वारा समिति सदस्यों के स्वागत से हुआ। इसके उपरांत समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा ने सचिवीय संबोधन प्रस्तुत करते हुए बैठक की पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं एजेंडा से सभी सदस्यों को अवगत कराया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झांसी मंडल उत्तर मध्य रेलवे का एक अत्यंत महत्वपूर्ण मंडल है, जो देश के उत्तर को दक्षिण तथा पूर्व को पश्चिम से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र, जो उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश का प्रमुख भूभाग है, झांसी मंडल के कार्यक्षेत्र का अभिन्न हिस्सा है। प्रतिदिन लाखों यात्रियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं का सतत विकास मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में झांसी मंडल ने आय अर्जन, आधारभूत संरचना के विकास, स्टेशन पुनर्विकास, नई रेल सेवाओं के विस्तार तथा यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल की औसत कुल दैनिक आय में 8.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। औसत दैनिक यात्री आय ₹2.78 करोड़ तथा औसत दैनिक मालभाड़ा आय ₹2.64 करोड़ रही, जो गत वर्ष की तुलना में क्रमशः 4.65 प्रतिशत एवं 11.31 प्रतिशत अधिक है।
यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल के 113 स्टेशनों पर यूटीएस, 24 स्टेशनों पर यूटीएस-कम-पीआरएस, 25 स्थानों पर पीआरएस सुविधा तथा 30 स्टेशनों पर 65 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं। महोबा, बांदा एवं ग्वालियर में यात्री टिकट सेवा केंद्र भी सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया अभियान के अनुरूप मोबाइल यूटीएस एवं रेलवन ऐप के माध्यम से घर बैठे टिकट बुकिंग एवं डिजिटल भुगतान की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं मंडल के सभी 655 टिकट जांच कर्मियों को हैंड-हेल्ड टर्मिनल उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से चार्ट अपडेटेशन, सीट आवंटन एवं यूपीआई भुगतान जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। वर्तमान में मंडल के 89.49 प्रतिशत आरक्षित टिकट डिजिटल माध्यमों से बुक किए जा रहे हैं, जो डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए हजरत निजामुद्दीन–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस तथा खजुराहो–बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का संचालन प्रारंभ किया गया है। इसके अतिरिक्त ग्वालियर–बेंगलुरु एक्सप्रेस सहित अनेक नई ट्रेनों का संचालन एवं विभिन्न स्टेशनों पर महत्वपूर्ण गाड़ियों के ठहराव की सुविधा भी प्रदान की गई है।
रेल सुरक्षा एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन अमानत, नन्हें फरिश्ते, डिग्निटी, सेवा, मातृशक्ति एवं यात्री सुरक्षा जैसे अभियानों के माध्यम से यात्रियों को निरंतर सहायता प्रदान की जा रही है। वर्ष 2026 में मई माह तक 117 बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया, जबकि ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत लगभग ₹1.56 करोड़ मूल्य का यात्रियों का खोया सामान वापस कराया गया। अनाधिकृत चेन पुलिंग पर नियंत्रण, समयपालन सुनिश्चित करने तथा रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा हेतु भी व्यापक अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसके पश्चात वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल पहलों तथा भावी विकास योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए समिति सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए।
बैठक में उपस्थित सदस्यों—श्री प्रदीप तिवारी, श्री हिर्देश तिवारी, श्री विवेक सिंह तोमर, श्री उदय सोनी, श्री अमित सिंह, श्री अभिषेक सोनकिया, श्री नीलकमल माहेश्वरी, श्री आदयंत अग्रवाल, श्री वसंत अग्रवाल, श्री देवीदीन कुशवाहा, श्री रामकरन सिंह तोमर, मोहम्मद अमीन खान, मोहम्मद सगीर खान, श्री शक्ति प्रताप सिंह तोमर एवं श्री राजेश कुमार ठाकुरानी—ने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, आधारभूत संरचना एवं जनहित से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उन्हें यथासंभव शीघ्र क्रियान्वित करने का आश्वासन दिया।
समिति के सदस्यों ने झांसी मंडल द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार तथा मंडल रेल प्रबंधक की कार्यशैली एवं त्वरित निर्णय प्रक्रिया की सराहना करते हुए मंडल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्र, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती उर्वशी, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता सुश्री रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) श्री अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री जितेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (O&F) श्री गौरव, वरिष्ठ संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) श्री आयुष श्रीवास्तव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा ने किया तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री वीरेंद्र सिंह ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
(2).
यूपीटीईटी परीक्षा-2026 : झाँसी मंडल ने किए व्यापक भीड़ प्रबंधन एवं विशेष यात्री सुविधा प्रबंध
यूपीटीईटी परीक्षा-2026 के दृष्टिगत दिनांक 02 जुलाई से 04 जुलाई 2026 तक परीक्षार्थियों एवं यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल द्वारा व्यापक भीड़ प्रबंधन एवं विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, ललितपुर, बाँदा, महोबा, हमीरपुर, उरई तथा चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। ये अधिकारी 24×7 स्टेशन प्रबंधन, यात्री सुविधाओं, भीड़ नियंत्रण तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करेंगे। परीक्षार्थियों के मार्गदर्शन एवं सहायता के लिए उपरोक्त सभी प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जा रहे हैं। इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की जानकारी, स्थानीय परिवहन, ट्रेन संचालन, प्लेटफॉर्म संबंधी सूचनाएँ तथा अन्य आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान आवश्यकतानुसार विशेष ट्रेनों का सञ्चालन किया जायेगा I
यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी ट्रेनों के कोचों में पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्लेटफार्मों पर पेयजल, पंखे, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट तथा अन्य यात्री सुविधाओं के निर्बाध संचालन के निर्देश दिए गए हैं। स्टेशन परिसरों एवं कोचों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को संवेदनशील स्थानों पर 24×7 तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, मंडल कार्यालय स्थित वार रूम से सभी व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यात्रियों की टिकटिंग संबंधी सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM), अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (UTS) तथा अन्य वेंडिंग मशीनों के निर्बाध संचालन की व्यवस्था की गई है। साथ ही ट्रेनों एवं प्लेटफार्मों पर नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर प्लेटफॉर्म परिवर्तन संबंधी सूचनाओं का भी त्वरित प्रसारण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे परीक्षार्थियों एवं यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उत्तर मध्य रेलवे का झाँसी मंडल यूपीटीईटी परीक्षा-2026 के दौरान सभी परीक्षार्थियों एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
