Oplus_131072
सुलतानपुर-बल्दीराय थाना क्षेत्र के मथाना पुल के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने शारदा सहायक खंड-16 नहर में छलांग लगा दी। युवती को नहर में कूदते देख राहगीरों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए युवती की तलाश के लिए गोताखोरों को नहर में उतारा। गोताखोर काफी देर तक नहर में युवती की तलाश करते रहे। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भी मौके पर भीड़ जुट गई।
पुलिस टीम द्वारा नहर के आसपास भी युवती के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। युवती ने किन परिस्थितियों में नहर में छलांग लगाई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल युवती की तलाश जारी है और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं खोज अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद हैं।
