कोरबा/दीपका। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले दीपका के मुख्य बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए नगर प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद शुरू कर दी है। राखी पर्व के दौरान बाजार में संभावित भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए बजरंग चौक, कटघोरा रोड और पाली रोड की यातायात व्यवस्था को लेकर नगर प्रशासन ने व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बाजार में यातायात को सुचारु रखने और दुकानों के सामने होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम रत्नेश और थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों से त्योहार के दौरान प्रशासन को सहयोग करने और बाजार में यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकानों के सामने फुटपाथ या मुख्य सड़क की ओर सामान रखकर बिक्री न की जाए। दुकानों का सामान निर्धारित सीमा रेखा के भीतर ही रखा जाए, ताकि पैदल चलने वाले लोगों और वाहनों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलने से त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में भीड़ के साथ जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
बैठक में ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों से सहयोग करने कहा गया। थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने कहा कि दुकानों के सामने बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति निर्मित होती है। ऐसे में व्यापारियों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने ग्राहकों को व्यवस्थित पार्किंग के लिए प्रेरित करें और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न होने दें।
प्रशासन ने त्योहार के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दुकानदारों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने, ग्राहकों के वाहनों की उचित पार्किंग सुनिश्चित कराने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और नगर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
बैठक में सहायक उप निरीक्षक जितेश सिंह, मो. अनीस, दिलीप सिंह, महेश मित्तल, अनूप अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, जितेश अग्रवाल, नीरज सिंह, सुमित गुप्ता, संजय अग्रवाल, रंजन सिंह, आशुतोष तिवारी, आदित्य अग्रवाल समेत अनेक व्यवसायी उपस्थित रहे।
राखी पर्व को देखते हुए दीपका के मुख्य बाजार में प्रशासन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। त्योहारी खरीदारी के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के बीच सड़क, फुटपाथ और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने से बजरंग चौक, कटघोरा रोड और पाली रोड पर यातायात को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
