जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित
सीहोर, 21 अगस्त, 2026
कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, मिशन वात्सल्य सहित बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, बाल विवाह एवं बाल तस्करी की रोकथाम के संबंध में की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की गई।
बैठक में बाल कल्याण समिति के अंतर्गत प्रस्तुत 36 बाल संरक्षण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। इनमें 28 प्रकरणों में पुनर्वास तथा 8 प्रकरणों में सहायता प्रदान की गई। इनमें नवजात बच्चे, सामान्य CNCP बच्चे, बाल श्रमिक, बाल भिक्षावृत्ति, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना तथा POCSO से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।
बैठक में मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अप्रैल 2026 से 20 अगस्त 2026 तक जिले में कुल 1860 बच्चों को योजनाओं का लाभ दिया गया। इनमें स्पॉन्सरशिप एवं पालन-पोषण योजना के 1738 बच्चे, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के 102 बच्चे तथा पीएम केयर्स योजना के 4 बच्चों का सतत फॉलोअप शामिल है। मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के 14 बच्चे भी योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
बैठक में बाल प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) योजना के अंतर्गत लाभान्वित बच्चों की स्थिति की समीक्षा की गई। अगस्त 2026 तक कुल 1839 बच्चों को योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया गया है, जिसमें अनाथ, एकल माता के बच्चे, दिव्यांग बच्चों सहित विभिन्न पात्र श्रेणियों के बच्चे शामिल हैं।
कलेक्टर ने बाल संरक्षण के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चिन्हित बच्चों एवं परिवारों को उनकी आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय, श्रम एवं अन्य शासकीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, बाल विवाह एवं बाल तस्करी की रोकथाम के लिए संयुक्त अभियान चलाने तथा चिन्हित बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास एवं फॉलोअप पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया गया। में डीपीओ श्री ज्ञानेश खरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

