अमरकंटक, गौरेला, मनेंद्रगढ़ और जबलपुर का संपर्क कटा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, सभी सुरक्षित
बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब बांसाझाल स्थित जर्जर पुल अचानक दो हिस्सों में टूटकर ढह गया। पुल ढहने के दौरान उस पर से गुजर रही एक भरी हुई यात्री बस टूटे हुए हिस्से के बीचों-बीच फंस गई। गनीमत यह रही कि बस नीचे नदी में नहीं गिरी और समय रहते बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
अचानक चरमराकर टूटा पुल प्रत्यक्षदर्शियों और बस के सहचालक (कंडक्टर) द्वारा मौके से बनाए गए वीडियो के अनुसार यात्री बस जैसे ही बांसाझाल पुल के मध्य पहुँची, पुल का स्लैब अचानक तेज आवाज के साथ नीचे धंस गया। पुल दो हिस्सों में बंट गया और बस का हिस्सा टूटे हुए हिस्से के मुहाने पर अटक गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और किस्मत के सहारे बस संतुलित रही और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कई प्रमुख अंतरराज्यीय मार्ग ठप्प
पुल टूटने के कारण इस मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप्प हो गया है। इस हादसे से बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक के साथ-साथ पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के जबलपुर शहडोल और छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ से सीधा संपर्क कट गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और कई यात्री बसें व मालवाहक वाहन रास्ते में ही फंस गए हैं।
मिली जानकारी अनुसार प्रशासनिक अमला मौके के लिए रवाना घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक भेजने और वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और डायवर्जन रूट का पालन करें।

