ई.व्ही. पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों से किया संवाद, लाइब्रेरी का उपयोग करने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की दी सलाह
कोरबा, 03 अगस्त 2026।
शासकीय ई.व्ही. पीजी कॉलेज कोरबा में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। जो विद्यार्थी पूरी लगन और ईमानदारी से पढ़ाई करते हैं, वे अपने लक्ष्य को जरूर हासिल करते हैं। उन्होंने छात्रों से नियमित अध्ययन करने और समय का सही उपयोग करने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ जिले में संचालित सार्वजनिक पुस्तकालयों (लाइब्रेरी) का भी अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। अच्छी किताबें और नियमित अध्ययन विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि हर छात्र को रोजाना पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जिला प्रशासन युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कॉलेज परिसर में टर्फ मैदान विकसित करने की योजना बनाई गई है। वहीं प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम में आधुनिक एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा बॉक्सिंग, तीरंदाजी सहित अन्य खेलों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि जिले के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि आने वाले समय में खेलों के विकास के लिए कई नई योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। उनका कहना था कि शिक्षा और खेल का संतुलन ही एक अच्छे व्यक्तित्व का निर्माण करता है और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करता है।
इस दौरान कलेक्टर ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से मिलने वाली शैक्षणिक सहायता की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खनन प्रभावित और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए डीएमएफ के माध्यम से सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने, कड़ी मेहनत करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए लगातार प्रयास करते रहने कहा।

