डेयरी प्रतिष्ठानों में की गई जांच, कहीं नहीं मिला एनालॉग पनीर; नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
कोरबा, 02 अगस्त। प्रदेशभर में नकली (एनालॉग) पनीर के क्रय, विक्रय एवं संग्रह पर प्रतिबंध लागू होने के बाद कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जिले के विभिन्न डेयरी एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पनीर की गुणवत्ता और नियमों के पालन की जांच की।

जांच के दौरान वंदना सेल्स, वचन मिल्क पार्लर, अलंकार डेयरी, गणेश डेयरी, प्रभात डेयरी, रवि डेयरी, संतोष डेयरी तथा सर्वमंगला डेयरी सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विभाग के अनुसार जांच में किसी भी प्रतिष्ठान पर एनालॉग पनीर नहीं पाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान नकली अथवा एनालॉग पनीर का क्रय, विक्रय, संग्रह या उपयोग करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने जिले के सभी हलवाई, कैटरर्स तथा शादी, भोज एवं अन्य सामूहिक आयोजनों में भोजन तैयार करने वाले संचालकों को भी निर्देश जारी किए हैं कि वे आवश्यक खाद्य लाइसेंस प्राप्त कर ही व्यवसाय संचालित करें तथा किसी भी परिस्थिति में एनालॉग पनीर का उपयोग न करें।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं नकली या एनालॉग पनीर के उपयोग, बिक्री अथवा संग्रह की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
