कोटा। रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में मंडल चिकित्सा विभाग द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्रीमती सुपर्णा सेन रॉय के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि शिविरों में कर्मचारियों का वजन, रक्तचाप, रक्त शर्करा, ईसीजी सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण किए जा रहे हैं। इन जांचों का उद्देश्य संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है, जिससे कर्मचारी स्वस्थ रहकर अपनी सेवाएं अधिक दक्षता के साथ दे सकें।

उन्होंने बताया कि महिदपुर रोड स्टेशन पर आयोजित शिविर में 41 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। भवानी मंडी स्टेशन पर आयोजित शिविर में 34 कर्मचारियों की जांच की गई, जिनमें रेलवे सुरक्षा बल के 10 कर्मी शामिल थे। अकलेरा एवं झालावाड़ सिटी स्टेशन पर आयोजित संयुक्त शिविर में कुल 41 कर्मचारियों की जांच की गई, जिनमें 13 रेलवे सुरक्षा बल कर्मी तथा 28 अन्य कर्मचारी शामिल रहे। इसी क्रम में रामगंज मंडी स्टेशन पर आयोजित शिविर में 90 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
जुलाई माह में आयोजित इन चारों स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों के माध्यम से कुल 206 रेल कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।

