लिंक और शिवनाथ एक्सप्रेस की बिगड़ी चाल
कोरबा। लंबी दूरी तय कर कोरबा आने वाली यात्री गाड़ियां अक्सर समय पर नहीं चल रही हैं। सबसे अधिक विलंब से चलने का रिकार्ड शिवनाथ एक्सप्रेस के नाम दर्ज हो रहा है। यह रेलवे के अधिकृत पोर्टल पर देखा जा सकता है। 25 जून स से 14 जुलाई तक यह गाड़ी कितने घंटे की देरी से चली, किस दिन समय पर आई और सर्वाधिक कितने घंटे विलंब रही। मजेदार बात यह है कि गाड़ी किसी अन्य जोन नहीं वरन बिलासपुर जोन की ही है। उक्त तिथियों अर्थात 20 दिन में यह गाड़ी 19 दिन लेट से कोरबा पहुंची और महज एक दिन 26 जून को समय पर आ पायी थी, जिससे सफर करने वाले यात्रियों को लगातार परेशान होना पड़ता है। इसी तरह विशाखापट्टनम से कोरबा आने वाली लिंक एक्सप्रेस की बात करें तो यह गाड़ी भी हर दो दिन में दो से ढाई घंटे की देरी से यहां आ रही है। शिवनाथ एक्सप्रेस के विलंब से चलने का सबसे प्रमुख कारण प्रारंभिक स्टेशन इतवारी से ही रोजाना एक घंटा की देरी से रवाना करना है। इस गाड़ी को इतवारी से रात 11.55 बजे कोरबा के लिए रवाना होना होता है, लेकिन रात 1 बजे से पहले नहीं छूट रही है। कभी समय पर छूटने के बाद अपने पहले ही स्टेशन, जिसकी दूरी 10 किमी है, उसे तय करने में एक से सवा घंटे लग रहे हैं। रेलवे प्रशासन की मानें तो इतवारी से कामटी के बीच काम चल रहा है। इस गाड़ी में समान्य यात्रियों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़े हे लोग लोग अक्सर नागपुर की यात्रा करते हैं। दिन में काम पूरा कर उसी दिन रात में इस गाड़ी से लौटते हैं। इसके अलावा रायपुर, भाठापारा, बिलासपुर सामान्य यात्रियों के साथ कामकाजी लोग इस गाड़ी में यहां आते हैं और शाम को 4.10 बजे लिंक एक्सप्रेस में लौटना चाहते हैं, लेकिन इन यात्रियों को तब निराश होना पड़ता है, जब उनकी गाड़ी समय पर कोरबा नहीं पहुंच पाती है।

