कोरबा। अटल यूनिवर्सिटी से संबद्ध जिले के 24 कॉलेजों में यूजी प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया जारी है। पहले चरण की दूसरी मेरिट सूची में शामिल छात्रों को प्रवेश लेने दी गई समयावधि समाप्त हो गई। स्थिति यह है कि 74.43 फीसदी सीटें अभी भी रिक्त हैं। इस पर तीसरी सूची में शामिल छात्रों का कॉलेज प्रबंधन इंतजार करेंगे।जिले में 15 गवर्नमेंट कॉलेजों में बीए, बीएससी बायो, गणित व बीकॉम प्रथम 5 सेमेस्टर की 5375 सीटों पर प्रवेश देना है। दूसरी सूची के बाद इन सीटों की तुलना में 1675 अर्थात 31.61फीसदी छात्रों ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि पहली मेरिट सूची में प्रवेश लेने वाले छात्रों का प्रतिशत महज 11.90 था। इसमें करीब 3 गुना बढ़ोतरी हुई है। इसके ठीक विपरीत 9 निजी कॉलेजों की स्थिति है। इन कॉलेजों में उक्त चारों संकाय में कुल 2185 सीट हैं, जिस पर महज 258 अर्थात 11.81 फीसदी छात्रों ने प्रवेश लिया है। 25.57 फीसदी छात्रों ने सीट पक्की की हैं। अग्रसेन कॉलेज में 74, जेबीडी कटघोरा में 35, केसीसी में 40, माडर्न में 49 तो एके गुरुकुल कॉलेज में 30 छात्रों ने प्रवेश ले लिया है। जिले में 6 साल में 6 नवीन सरकारी कॉलेज खुल गए हैं। सबसे पुराना जटगा कॉलेज हैं। प्रवेश के मामले में यह कॉलेज इस बार भी काफी पीछे है, जबकि बाद में खुले बांकीमोंगरा कॉलेज में सबसे अधिक 59, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम कॉलेज कोरबा में 12, उमरेली में 39 तो रामपुर में 29 छात्रों ने प्रवेश लिया है। जटगा में मात्र 3 छात्रों ने प्रवेश लिया है, जबकि आदर्श कॉलेज बंजारी में एक भी छात्र ने प्रवेश नहीं लिया है।

