कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के पवन टॉकीज फाटक के पास एक दर्दनाक रेल हादसे में 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक पैर कट गया। घायल का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार बरमपुर निवासी रोशन पटेल (22) रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोको पायलट ने लगातार हॉर्न बजाकर युवक को सावधान करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल में व्यस्त होने के कारण वह चेतावनी नहीं सुन सका। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण लापरवाही माना जा रहा है।

