दीपका। ग्राम चाकाबुड़ा के प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला परिसर में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होने पर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने जिला प्रशासन पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को निरीक्षण और स्थायी समाधान के निर्देश दिए जाने के बावजूद विद्यालय परिसर में आज तक जल निकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी है।राजेश यादव ने तत्काल स्थायी समाधान, पुनः निरीक्षण और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर ठोस पहल नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों, पालकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ लोकतांत्रिक तरीके से चक्काजाम एवं जनआंदोलन किया जाएगा।

