भारी कंजेशन के बावजूद बनाया रिकॉर्ड, 33 मालगाड़ियों की हैंडिंग-ओवर और 52 क्रैक ट्रेनों के संचालन से परिचालन दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों के बीच मालगाड़ी संचालन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए रुठियाई इंटरचेंज पॉइंट पर एक ही दिन में 62 मालगाड़ियों (31 प्रेषित एवं 31 प्राप्त) का इंटरचेंज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही 13 जुलाई 2026 को 33 मालगाड़ियों की हैंडिंग-ओवर तथा 52 क्रैक ट्रेनों के सफल संचालन का नया रिकॉर्ड भी दर्ज किया गया। इन उपलब्धियों ने न केवल मंडल के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, बल्कि माल परिवहन के क्षेत्र में कोटा मंडल की उच्च परिचालन क्षमता, प्रभावी समन्वय और उत्कृष्ट नियंत्रण व्यवस्था को भी प्रमाणित किया है।
पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने मालगाड़ी परिचालन के क्षेत्र में लगातार नए मानक स्थापित किए हैं। 10 जुलाई 2026 को रुठियाई इंटरचेंज पॉइंट पर 62 मालगाड़ियों का इंटरचेंज कर मंडल ने अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले 26 जून 2026 को 57 मालगाड़ियों तथा 26 मार्च 2023 को 52 मालगाड़ियों के इंटरचेंज का रिकॉर्ड दर्ज था। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा के नेतृत्व में परिचालन विभाग की सतत निगरानी, प्रभावी योजना एवं बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि संभव हो सकी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि मंडल ने रुठियाई इंटरचेंज पॉइंट पर मालगाड़ियों की हैंडिंग-ओवर के क्षेत्र में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। 13 जुलाई 2026 को एक ही दिन में 33 मालगाड़ियों की हैंडिंग-ओवर की गई, जबकि इससे पूर्व 10 जुलाई 2026 को 31 मालगाड़ियों की हैंडिंग-ओवर का रिकॉर्ड था।
उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष महत्व रखती है क्योंकि पिछले लगभग पंद्रह दिनों से कोटा-रुठियाई रेलखंड पर भारी मालगाड़ी यातायात के कारण गंभीर कंजेशन की स्थिति बनी हुई थी। साथ ही इस सेक्शन में यात्री गाड़ियों की सीमित संख्या होने से रनिंग क्रू के मूवमेंट पर भी प्रभाव पड़ रहा था। ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में परिचालन नियंत्रण ने टीआरओ तथा संबंधित मंडलों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक मालगाड़ी की सतत निगरानी की। विभिन्न स्थानों पर होने वाले विलंब का लगातार विश्लेषण कर गाड़ियों का सुनियोजित नियमन सुनिश्चित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह रिकॉर्ड स्थापित हो सका।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने इस उपलब्धि पर कहा कि प्रतिकूल परिचालन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने बेहतर समन्वय, सुनियोजित कार्यप्रणाली और निरंतर निगरानी के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई 2026 को मंडल द्वारा 52 क्रैक ट्रेनों का सफल संचालन भी किया गया, जो कंजेशन की स्थिति में भी मालगाड़ी परिचालन को सुचारु बनाए रखने तथा अन्य मालगाड़ियों के संचालन के लिए रनिंग क्रू की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
रिकॉर्ड स्तर पर हुए इंटरचेंज, हैंडिंग-ओवर एवं क्रैक ट्रेनों के संचालन से मालगाड़ियों के निर्बाध परिचालन, संसाधनों के अधिकतम उपयोग, कंजेशन में कमी तथा मंडल की समग्र परिचालन दक्षता को और मजबूती मिली है। यह उपलब्धि पश्चिम मध्य रेलवे की सुरक्षित, समयबद्ध एवं विश्वसनीय माल परिवहन सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

