नर्मदापुरम, 29 जून 2026। स्थानीय पंडित रामलाल शर्मा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नर्मदापुरम में गायत्री परिवार के तत्वावधान में नैतिक शिक्षा एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाला के प्राचार्य सुधीर मिश्रा की उपस्थिति में गायत्री परिवार के यू. के. सिंह, ओ. पी. गौर एवं शिवकुमार विश्वकर्मा ने कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 11वीं के लगभग 102 छात्र-छात्राओं को नैतिक शिक्षा, चरित्र निर्माण एवं नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अनुशासित एवं संस्कारित जीवन अपनाने, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थ स्वास्थ्य और समाज दोनों के लिए हानिकारक हैं।
गायत्री परिवार के ओ. पी. गौर ने बताया कि गायत्री परिवार द्वारा विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं में नैतिक शिक्षा एवं नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में संस्कारों का विकास करना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।

