सीहोर, 14 जून, 2026 सीहोर की सामाजिक संस्था “संडे के सुकून” द्वारा संचालित गौसेवा अभियान “गौभोजनम्” का सफलतापूर्वक समापन किया गया। अभियान के माध्यम से ग्रीष्मकाल के दौरान नगर में विचरण करने वाले गौवंश को भोजन, पानी, पशु आहार एवं हरी घास उपलब्ध कराई गई।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान अनेक स्थानों पर गौवंश भोजन एवं पेयजल के अभाव में परेशान होते हैं तथा कचरे में भोजन तलाशने को विवश हो जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए गौभोजनम् अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन नगर के विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों गौवंश के लिए भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था की गई।
अभियान के दौरान नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अनेक लोगों ने अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ तथा परिजनों की पुण्यतिथि के अवसर पर गौसेवा कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। बच्चों एवं युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए गौवंश के लिए भोजन एवं जल की व्यवस्था में सहयोग किया।
संस्था के सदस्यों द्वारा लगातार दूसरे वर्ष प्रतिदिन प्रातः गौसेवा वाहन के माध्यम से नगर में स्थापित भोजन पात्रों एवं जल पात्रों को भरा गया, जिससे सड़क पर विचरण करने वाले गौवंश को दिनभर भोजन एवं पेयजल उपलब्ध हो सका। इसके साथ ही संस्था द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पौधों एवं गमलों की भी नियमित सिंचाई की गई, जिससे पौधे हरे-भरे बने रहे।
समापन अवसर पर संस्था के सदस्यों ने नागरिकों से प्रतिदिन प्रथम दो रोटियां गौवंश के लिए निकालने तथा गौसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता से गौसंरक्षण एवं गौसेवा के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
