मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी मुख्यालय में 24वें स्थापना दिवस का शुभारंभ
प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने किया पौधरोपण

भोपाल, 12 जून। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 24वें स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ गुरुवार को कंपनी मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/वाणिज्य) श्री सुधीर कुमार श्रीवास्तव, निदेशक (पी.डी.टी.सी.) श्री अनिल कुमार खत्री, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) डॉ. राकेश शर्मा, मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री अखिलेश कुमार पांडे, मुख्य महाप्रबंधकगण श्रीमती स्वाति सिंह, सुश्री मनीषा मेश्राम, श्रीमती अमिता तिवारी, श्री अशोक कुमार सक्सेना तथा मुख्य महाप्रबंधक (भोपाल क्षेत्र) श्री बृजभान सिंह परिहार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।
प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कंपनी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिताओं में रस्साकशी, नींबू-चम्मच दौड़, साइकिल रेस एवं म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बिजली कार्मिकों ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
कंपनी के 24वें स्थापना दिवस पर कंपनी मुख्यालय के आस्था परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रबंध संचालक श्री गर्ग ने कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा, पारदर्शिता, उत्कृष्ट कार्य संस्कृति तथा उपभोक्ता हितों के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई।
स्थापना दिवस पर तीन घंटों में 64 लोगों ने किया रक्तदान
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शुक्रवार को गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कंपनी मुख्यालय के पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेंटर (पीडीटीसी) परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना। कंपनी द्वारा आयोजित शिविर में बिजली कार्मिकों सहित 64 लोगों ने रक्तदान कर अपना सामाजिक दायित्व निभाया। प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने रक्तदान शिविर का अवलोकन कर रक्तदाताओं का आभार व्यक्त कर शुभकामनाएं दीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ए.के. गोयल के निर्देशन में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि मध्य क्षेत्र विद्युत कार्यालय प्रबंध संचालक कंपनी का 24वां स्थापना दिवस 12 एवं 13 जून को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान कंपनी मुख्यालय के साथ ही भोपाल क्षेत्र तथा ग्वालियर क्षेत्र के अंर्तगत वृत्त स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन, बिजली कार्मिकों द्वारा पौधरोपण, रक्तदान शिविर के आयोजन के साथ ही कंपनी कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों और शत-प्रतिशत बिजली बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित किया जा रहा है।
