एम-आधार से पहचान सत्यापित, कॉल व व्हाट्सएप हिस्ट्री की जांच, नेफिस प्रणाली में दर्ज किए गए बायोमेट्रिक विवरण
गरियाबंद(चन्द्रहास निषाद)। जिले में अवैध प्रवासियों, बाहरी फेरीवालों एवं किरायेदारों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना देवभोग पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल एवं अन्य राज्यों से आए फेरीवालों और किरायेदारों का सघन सत्यापन किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में संचालित किया गया।
पुलिस ने सत्यापन के दौरान संबंधित व्यक्तियों के आधार कार्ड का एम-आधार ऐप के माध्यम से सत्यापन किया। साथ ही उनके ऑनलाइन लेनदेन, मोबाइल कॉल एवं व्हाट्सएप कॉल हिस्ट्री का परीक्षण कर यह भी जांच की गई कि उनका किसी अंतरराष्ट्रीय नंबर या संदिग्ध गतिविधि से कोई संपर्क तो नहीं है।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी व्यक्तियों के दस्तावेजों का थाना स्तर पर मिलान किया गया तथा नेफिस प्रणाली में उनके बायोमेट्रिक एवं अन्य आवश्यक विवरण दर्ज किए गए।
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों, मकान मालिकों एवं ग्रामवासियों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई बाहरी व्यक्ति, किरायेदार या फेरीवाला निवास अथवा कार्य कर रहा है, तो उसका सत्यापन निकटतम थाना में अवश्य कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 अथवा नजदीकी पुलिस थाना को दें, ताकि जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

