उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने आज दिनांक 05.08.2026 को झांसी मंडल के भीमसेन–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलखंड का व्यापक निरीक्षण करते हुए रेल संरक्षा, अवसंरचना विकास, यात्री सुविधाओं तथा अनुरक्षण कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार, महाप्रबंधक के सचिव श्री अखिल शुक्ल सहित मंडल एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय, आधुनिक तथा यात्री-केंद्रित बनाना रहा।

महाप्रबंधक ने विशेष निरीक्षण यान “परख” से भीमसेन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेल पथ, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था, ओवरहेड विद्युत उपकरण, पुल-पुलियाओं, समपार फाटकों तथा अन्य रेल अवसंरचनाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। उन्होंने रेल परिचालन की संरक्षा, ट्रैक अनुरक्षण की गुणवत्ता तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उच्च मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने अमृत भारत पुखरायां स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के शौचालय परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन फसाड, प्लेटफॉर्म, स्टेशन अधीक्षक (एसएस) कक्ष, बुकिंग कार्यालय, वाटर कूलर, जल बूथों पर पेयजल की उपलब्धता, यात्री सुविधाएं तथा स्टेशन परिसर की समग्र स्वच्छता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं के बेहतर रखरखाव, स्वच्छता, पेयजल की सतत उपलब्धता तथा स्टेशन पर उच्च गुणवत्ता की सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने इसके बाद उरई रेलवे स्टेशन का भी विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टॉयलेट कॉम्प्लेक्स, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, एसएस कक्ष, बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, वाटर कूलर, जल बूथों तथा स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर विशेष बल दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण क्रम में महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह कोंच रेलवे स्टेशन भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, संरक्षा प्रबंधों तथा अनुरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का आकलन करते हुए यात्रियों की सुविधा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। कोंच स्टेशन की कार्यप्रणाली से संतुष्ट होकर महाप्रबंधक महोदय ने कोंच स्टेशन प्रबंधन को ₹20000/- का संयुक्त नगद पुरस्कार देने की घोषणा की I
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने ऐट–कोंच रेलखंड का गहन ट्रैक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेल पथ की गुणवत्ता, अनुरक्षण व्यवस्था, संरक्षा मानकों तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी, समयबद्ध अनुरक्षण तथा उच्च गुणवत्ता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षित, विश्वसनीय एवं निर्बाध रेल संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
तदोपरांत महाप्रबंधक महोदय ने डायमंड सीमेंट, परीक्षा साइडिंग के प्लांट हेड श्री अखिलेश ताम्रकार के साथ बैठक कर उद्योग एवं रेलवे के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में रेल आधारित माल परिवहन को अधिक प्रभावी, सुरक्षित, समयबद्ध एवं सुगम बनाने, लॉजिस्टिक दक्षता बढ़ाने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल सेवाओं को और सुदृढ़ करने जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक सचिव श्री अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर सामान्य अशोक प्रिया गौतम, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (टीआरडी) श्री सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री अतुल यादव तथा उप मुख्य सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर कानपुर निवेदिता त्रिपाठी सहित अन्य निरीक्षक व पर्यवेक्षक उपस्थित रहे I निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक महोदय ने देर शाम रेल कोच नवीनीकरण कारखाना (आरसीएनके), झांसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एलएचबी कोचों के वॉश बेसिन एवं आरएमपीयू से निकलने वाले अपशिष्ट जल के उपचार एवं पुनर्चक्रण हेतु विकसित वाटर रीसाइक्लिंग एवं ट्रीटमेंट परियोजना का अवलोकन किया।

