कोरबा/कटघोरा, 3 अगस्त। कटघोरा के सेनानी पेट्रोल पंप के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर से कोरबा की ओर आ रही यात्रियों से भरी यादव बस और एक बोलेरो वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई अन्य लोगों को भी हल्की चोटें लगी हैं। वहीं बोलेरो में चार लोग सवार थे, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण सड़क संकरी हो गई थी। इसी दौरान दोनों वाहनों को पर्याप्त साइड नहीं मिल सकी, जिससे यह हादसा हो गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क पर सुचारु यातायात बहाल कराने का काम शुरू किया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
कटघोरा पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और हाईवे पर वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है।

