दादा गुरु महाराज एवं कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने किया प्रोजेक्ट ‘ज्ञानार्पण’ का शुभारंभ
हर बच्चे को सम्मानजनक एवं सुविधाजनक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की अभिनव पहल
नर्मदापुरम/23,जुलाई,2026/ जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को सम्मानजनक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा “प्रोजेक्ट-ज्ञानार्पण” का शुभारंभ गुरुवार को दादा गुरु महाराज के करकमलों से किया गया।कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की दूरदर्शी सोच एवं शिक्षा के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के अनुरूप प्रारंभ की गई यह पहल शासकीय विद्यालयों में बेंच-डेस्क वितरण अभियान के माध्यम से जनभागीदारी से प्राथमिक शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि प्रोजेक्ट-ज्ञानार्पण का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, आरामदायक एवं अनुकूल बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं गरिमापूर्ण शिक्षण वातावरण प्राप्त हो सके।उन्होंने कहा कि इस अभियान से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को बढ़ावा मिलेगा, फर्श पर बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था समाप्त होगी तथा विद्यालयों में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं प्रेरणादायी वातावरण विकसित होगा। अभियान की मुख्य बात यह रही कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर ही अभियान की सफलता सुनिश्चित होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान नर्मदापुरम जिले के औद्योगिक क्षेत्र मोहासा की औद्योगिक इकाइयों के उद्योगपतियों एवं दादा गुरु महाराज द्वारा नर्मदा मिशन के माध्यम से जिले के स्कूलों में संयुक्त रूप से फर्नीचर उपलब्ध किए जाने की बात कही गई।कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अनुरूप बाल-अनुकूल एवं समावेशी विद्यालयीन वातावरण विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य एवं सही बैठने की मुद्रा (पोश्चर) को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन एवं विद्यालय के प्रति गर्व की भावना का भी विकास होगा। इससे अभिभावकों एवं समुदाय का शासकीय विद्यालयों के प्रति विश्वास और अपनत्व बढ़ेगा तथा नामांकन एवं विद्यार्थियों के ठहराव (रिटेंशन) में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि जिले के शासकीय प्राथमिक विद्यालयों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है। कक्षाओं में व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था से सीखने के माहौल में सकारात्मक एवं अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिलेगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।जनभागीदारी से बनेगा शिक्षा का मजबूत आधारप्रोजेक्ट-ज्ञानार्पण को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। अभियान के अंतर्गत इच्छुक नागरिक शासकीय विद्यालयों के लिए बेंच-डेस्क दान कर सकते हैं, अपने परिजनों की स्मृति में डेस्क भेंट कर सकते हैं तथा विद्यालयों को गोद लेकर उनके विकास में सहभागी बन सकते हैं। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से शासकीय विद्यालयों के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व परिवर्तन आएगा तथा प्रत्येक बच्चे को सम्मानजनक, प्रेरणादायी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकेगा।

