नर्मदापुरम/21,जुलाई,2026/ नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के अवैध मदिरा परिवहन, विनिर्माण एवं संग्रहण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों पर आबकारी विभाग ने गत दिवस बड़ी कार्रवाई की।
मंगलवार 20 जुलाई की रात्रि को जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन और मण्डल प्रभारी अधिकारी अभिलाष पाठक के नेतृत्व में वृत्त इटारसी शहर की टीम ने रोड गस्त, वाहन तलाशी और ढाबों की सघन जांच की।
इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, के अंतर्गत 4 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। टीम ने शहर की मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण कर टेस्ट परचेज की कार्रवाई भी की। इसके साथ ही अवैध आहातों और सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान करने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई देर रात तक चलती रही।
कार्यक्रम में आबकारी उप निरीक्षक के. के. पडरिया, मुख्य आरक्षक राजेश गौर, दुर्गेश पाठरिया और आरक्षक धर्मेंद्र बारंगे का सहयोग सराहनीय रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

