बालकोनगर, 21 जुलाई। विश्व युवा कौशल दिवस 2026 के अवसर पर भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने वेदांता स्किल स्कूल के 15 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने की यात्रा को साझा किया गया। इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस की थीम ‘साझा भविष्य के लिए कौशल’ रही। समारोह में बालको के वरिष्ठ अधिकारी, समुदाय के प्रतिनिधि, पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षु तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताहभर विभिन्न प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। वाद-विवाद, कविता लेखन, पोस्टर मेकिंग, इंडोर खेल और एआई वीडियो निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मकता, तार्किक सोच, संवाद क्षमता और डिजिटल कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रशिक्षुओं ने लोकनृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वेदांता स्किल स्कूल के एक पूर्व प्रशिक्षु की वास्तविक जीवन यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। इसमें दिखाया गया कि किस प्रकार कौशल प्रशिक्षण ने एक सामान्य युवा के जीवन को नई दिशा देकर उसे रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर प्रदान किया। समारोह में सफल पूर्व प्रशिक्षुओं की प्रेरक कहानियां, तकनीकी कौशल प्रदर्शन और प्रशिक्षुओं का सम्मान भी किया गया।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से वेदांता स्किल स्कूल युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण और आत्मविश्वास के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं तथा उनके लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर खुल रहे हैं।
इस अवसर पर वेल्डर और मोबाइल रिपेयरिंग ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त 40 से अधिक युवाओं को प्लेसमेंट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही वेदांता स्किल स्कूल में पीएम सूर्य घर सर्टिफिकेशन एंड स्किल अपग्रेडेशन कोर्स फॉर सोलर पीवी टेक्नीशियन की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम के तहत 100 सोलर पीवी टेक्नीशियन को एक सप्ताह का प्रशिक्षण और प्रमाणन दिया जाएगा तथा प्रत्येक प्रतिभागी को 3,500 रुपये का भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।
वर्ष 2010 में स्थापित वेदांता स्किल स्कूल ने अब तक 14 हजार से अधिक ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है। संस्थान इस वर्ष 15 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देने के महत्वपूर्ण पड़ाव की ओर अग्रसर है। यहां वेल्डिंग, इलेक्ट्रिकल, फिटर, सिलाई मशीन संचालन, फूड एंड बेवरेज सर्विस तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन जैसे रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाता है। एनएसडीसी से मान्यता प्राप्त 5-स्टार स्मार्ट सेंटर के रूप में यह संस्थान युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रदान करते हुए समावेशी और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

