सीहोर। शहर के प्रमुख तहसील चौराहा क्षेत्र में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक सुलभ शौचालय का भूमि पूजन नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि तहसील चौराहा शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, राहगीर एवं आम नागरिक आते-जाते हैं। लंबे समय से यहां सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने से स्थानीय व्यापारियों, आसपास के रहवासियों तथा आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। नगर पालिका का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद प्रतिनिधि सत्यनारायण वारिया, पार्षद मुकेश मेवाड़ा, कमलेश राठौर, इरशाद पहलवान, लोकेंद्र वर्मा, इरफान कुरैशी, मांगू दादा, नरेंद्र राजपूत, मजीद भाई सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

