18 विद्यालयों के लगभग 1500 विद्यार्थियों ने निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में लिया भाग
कोटा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन के वर्चुअल लोकार्पण समारोह के अवसर पर 17 जुलाई 2026 को निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के 76 विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में गंगापुर सिटी क्षेत्र के 18 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 1500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि विद्यार्थियों में विकसित भारत की अवधारणा, रेलवे विकास कार्यों के प्रति जागरूकता तथा जनभागीदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अविरल शर्मा के निर्देशन में मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षकों की टीम द्वारा इन प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया।
प्रतियोगिताओं के लिए “मेरे शहर का विकसित स्टेशन कैसा हो” तथा “विकसित भारत के निर्माण में मेरा योगदान” विषय निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने इन विषयों पर अपने विचार निबंध एवं चित्रों के माध्यम से रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 76 विद्यार्थियों का चयन पुरस्कार के लिए किया गया है।
गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के पूर्ण होने से यात्रियों को आधुनिक यात्री सुविधाएं, बेहतर यात्री अनुभव तथा अधिक सुगम सेवाएं उपलब्ध होंगी। स्टेशन का लोकार्पण क्षेत्र के विकास के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। समारोह के दौरान विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाएगा।

