कोरबा/बांगो। बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी और उसके 12 वर्षीय छोटे भाई दशरथ गोस्वामी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी बूटी गोस्वामी और उसका छोटा भाई दशरथ अपने घर की नई एक्टिवा स्कूटी से घरेलू सामान और किराना खरीदने पोड़ी बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई-बहन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। भीषण गर्मी के बीच बसों, कारों और दोपहिया वाहनों में सवार यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने और टैंकर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और तहसीलदार प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराया तथा मृतक बच्चों के परिजनों को तत्काल ₹25-25 हजार की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया और हाईवे पर यातायात बहाल हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है तथा टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे कोनकोना बस्ती में मातम पसरा हुआ है।

