कोरबा, 14 जुलाई। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत करतला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बड़मार के जंगल में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में की गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना करतला पुलिस ने बड़मार जंगल में दबिश दी, जहां छह लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से 5,350 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, एक तिरपाल, 6 मोबाइल फोन तथा 10 मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णाराय (35), सर्वजीत राय (43), विजय शर्मा (48), संतोष गबेल (48), बसंत खूंटे (32) तथा कृष्णा दास (50) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम करतला के निवासी हैं। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।
