कोरबा, 13 जुलाई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन में आयोजित जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन ने आमजन की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक प्रकरण का समयसीमा के भीतर पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और किसी भी आवेदन के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, महतारी वंदन योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन संबंधी समस्याएं, भूमि पर अवैध कब्जा, सीमांकन, नामांतरण, मानदेय शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न राजस्व एवं विकास कार्यों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ ने संबंधित विभागों को सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवेदकों को आश्वस्त किया कि सभी प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में उनका निराकरण किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी प्रशासनिक सेवाओं का लाभ मिल सके।
