पौधे; हर जन्मदिन पर वृक्षारोपण का लिया संकल्प
नर्मदापुरम 11 जुलाई 2026 जन्मदिन केवल केक काटने और शुभकामनाएं लेने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम भी बन सकता है। इसी सोच को साकार करते हुए शासकीय हाई स्कूल साकेत, नर्मदापुरम के मेकलसुता ईको क्लब ने कक्षा 10वीं की छात्रा पायल चौरे के जन्मदिवस को पर्यावरण संरक्षण के उत्सव के रूप में मनाया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने एक महत्वपूर्ण संकल्प लेते हुए घोषणा की कि अब विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी अपने-अपने जन्मदिवस पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएंगे और उसकी नियमित देखभाल भी करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यवहारिक सोच विकसित करना और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्य सीमा राय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर सुरेश कुमार पटेल, रेखा बड़गोत्री, चन्द्रमोहन गौर, जितेंद्र शर्मा, मंजू यादव, ज्योति यादव, संजय दमाड़े, आभा चौरे एवं रामविलास कामले सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
प्राचार्य सीमा राय ने छात्रा पायल चौरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के विशेष अवसरों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय की इस अनूठी पहल की स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी सराहना की तथा इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक प्रयास बताया।

