ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने किया 33/11 के.वी. सनखेड़ी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण
भोपाल 09 जुलाई। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रायसेन जिले में साँची के ग्राम सनखेड़ी में एस.एस.टी.डी. योजना के अंतर्गत नव निर्मित 33/11 के.वी. विद्युत उपकेंद्र (5 एम.वी.ए.) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक, डॉ. प्रभुराम चौधरी उपस्थित रहे। लगभग 2 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस उपकेंद्र के साथ 10 किलोमीटर लंबी 33 के.वी. विद्युत लाइन का निर्माण भी किया गया है। नवीन उपकेंद्र से तीन फीडरों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जाएगी, जिनमें दो कृषि फीडरएवंएक घरेलू फीडर शामिल हैं।

नवनिर्मित उपकेंद्र के प्रारंभ होने से रायसेन जिले के बिशनखेड़ी, बिजौरी, सनखेड़ी, देवराखेड़ी, आकाशखेड़ा, रामगढ़, सिरोनिया, मढुआखेड़ा एवं हिम्मतगढ़ सहित एक दर्जन से अधिक ग्रामों के कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। कृषि फीडरों के माध्यम से किसानों को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलेगी, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी निर्बाध बिजली का लाभ प्राप्त होगा।

अब तक इन ग्रामों को मेहगांव उपकेंद्र से अन्य गांवों के साथ विद्युत आपूर्ति की जाती थी। नवीन उपकेंद्र के शुरू होने से न केवल एक दर्जन से अधिक गांवों की विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि मेहगांव उपकेंद्र से जुड़े अन्य गांवोंकी विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।

