मुरैना, 05 जुलाई 2026/भारत स्काउट एवं गाइड, मध्यप्रदेश जिला संघ, मुरैना द्वारा भीषण ग्रीष्मकाल में आमजन एवं यात्रियों की सुविधा के लिए संचालित निःशुल्क शीतल पेयजल सेवा शिविर का समापन समारोह रविवार को काशीबाई धर्मशाला, स्टेशन रोड, मुरैना में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत मुरैना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संघ के अध्यक्ष डॉ. विवेक राठी ने की। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री ओ.पी. गुप्ता, सहायक राज्य संगठन आयुक्त चंबल संभाग श्री वीर सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र सिंह यादव एवं उपाध्यक्ष श्री अमृतलाल यादव उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्री कमलेश कुमार भार्गव ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा संचालित यह सेवा अभियान समाज में सेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने शिविर के सफल संचालन के लिए जिला सचिव श्री शेखर सिंह यादव एवं उनकी टीम की सराहना की। जिला सचिव एवं शिविर संचालक श्री शेखर सिंह यादव ने बताया कि सेवा शिविर के माध्यम से भीषण गर्मी के दौरान रेलवे स्टेशन क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों यात्रियों एवं राहगीरों को निःशुल्क शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, स्काउटर-गाइडर, स्वयंसेवकों एवं समाजसेवियों के सहयोग से यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संचालित हुआ। श्री ओ.पी. गुप्ता ने कहा कि मुरैना जिला संघ सेवा गतिविधियों के माध्यम से प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. विवेक राठी ने कहा कि जिला संघ सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समारोह में दानदाताओं, स्काउट-गाइड सेवा दल, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला संघ के पदाधिकारी, स्काउटर-गाइडर, रोवर-रेंजर, स्काउट-गाइड तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। सहायक संचालक पेयजल शिविर डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने भोपाल से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर शिविर के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

