बिना टिकट, अनियमित यात्रा एवं अनाधिकृत सामान लेकर यात्रा करने वालों में मचा हड़कंप
मंडल रेल प्रबंधक झाँसी श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में रेल यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं नियमसम्मत यात्रा सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिनांक 03 जुलाई 2026 को ग्वालियर रेलवे स्टेशन एवं विभिन्न ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
इस व्यापक अभियान के दौरान टिकट जांच स्टाफ द्वारा स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों तथा ट्रेनों में सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों, निर्धारित सीमा से अधिक एवं अनाधिकृत सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही रेल परिसर में गंदगी फैलाने एवं रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
अभियान के दौरान कुल 102 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹.87700 का रेल राजस्व अर्जित किया गया। इस सघन जांच अभियान से बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप की स्थिति रही तथा यात्रियों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
इस अभियान को सफल बनाने में मुख्य टिकट निरीक्षक श्री विकास श्रीवास्तव, अजेन्द्र कुमार , रविन्द्र जातव, रामनिवास मीना, रामकेश मीना सहित समस्त टिकट जांच स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रेल प्रशासन द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध ऐसे विशेष जांच अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे सदैव वैध यात्रा टिकट लेकर ही यात्रा करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसे रेलवे के नियमों के अनुसार बुक कराएं तथा रेल परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि रेल परिसर में धूम्रपान करना, गंदगी फैलाना एवं रेलवे नियमों का उल्लंघन करना दंडनीय अपराध है, जिसके विरुद्ध रेलवे प्रशासन द्वारा निरंतर कार्रवाई की जाती रहेगी।
रेल प्रशासन यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा करता है ताकि रेल यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सभी के लिए सुखद बनाया जा सके।

