इंदौर–जबलपुर ओवरनाइट सुपरफास्ट एक्सप्रेस का सीहोर में नियमित ठहराव प्रारंभ
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश में रेल सुविधाओं के निरंतर विस्तार के क्रम में सीहोर जिले को एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। सांसद श्री आलोक शर्मा के सतत एवं प्रभावी प्रयासों से ट्रेन संख्या 22191/22192 इंदौर–जबलपुर–इंदौर ओवरनाइट सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित ठहराव अब सीहोर रेलवे स्टेशन पर प्रारंभ हो गया है। इससे जिले के यात्रियों को मालवा एवं महाकौशल क्षेत्र के बीच आवागमन के लिए एक तेज, सुविधाजनक और सीधा रेल विकल्प उपलब्ध होगा।बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री आलोक शर्मा एवं सीहोर विधायक श्री सुदेश राय ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के नए स्टॉपेज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, जिला महामंत्री श्री पंकज गुप्ता, जिला प्रभारी श्री विकास वीरानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री जसपाल अरोड़ा, नगर मंडल अध्यक्ष श्री सुदीप प्रजापति, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री सन्नी महाजन, रतलाम मंडल के एडीआरएम श्री कुंजीलाल मीणा, वरिष्ठ डीईएन श्री महेंद्र सिंह सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद श्री आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन और आधुनिकीकरण के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि सीहोर जिले को बेहतर रेल सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से रेलवे मंत्रालय के समक्ष जिले की आवश्यकताओं को लगातार प्रभावी ढंग से रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रारंभ हुआ यह नया ठहराव उन्हीं सतत प्रयासों का परिणाम है, जिसका लाभ जिले के हजारों यात्रियों को मिलेगा। सांसद श्री शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सीहोर को नई रेल सेवाओं एवं अतिरिक्त सुविधाओं से जोड़ने के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे, जिससे जिले का विकास और अधिक गति प्राप्त करेगा। उल्लेखनीय है कि सांसद श्री आलोक शर्मा के निरंतर प्रयासों से इससे पूर्व 23 फरवरी से बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर तथा अहमदाबाद–गोरखपुर के बीच संचालित दो जोड़ी ट्रेनों का ठहराव भी सीहोर रेलवे स्टेशन पर प्रारंभ कराया गया था। इससे सीहोर के यात्रियों को प्रयागराज, वाराणसी, सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों के लिए बेहतर एवं सुगम रेल संपर्क उपलब्ध हुआ है। अब इंदौर–जबलपुर ओवरनाइट सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव से मालवा और महाकौशल क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों तथा आम यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्रीय संपर्क और आवागमन को भी नई मजबूती प्राप्त होगी। स्थानीय नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सांसद श्री आलोक शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों से सीहोर जिले को लगातार नई विकासात्मक सौगातें मिल रही हैं और जिले की रेल सुविधाओं में उल्लेखनीय विस्तार हो रहा है।

