दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने कृषि विभाग सक्रिय, किसान को मिला भीमा किस्म का उन्नत अरहर बीज
बालाघाट : गुरूवार, जुलाई 2, 2026, जिले में दलहन उत्पादन बढ़ाने एवं किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा दलहन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में 01 जुलाई को विकासखंड बालाघाट की ग्राम पंचायत चमरवाही के ग्राम बीजापुरी के किसान लेखराम चौधरी को कृषि विभाग द्वारा अरहर की भीमा किस्म का 5 किलोग्राम प्रमाणित बीज वितरित किया गया।उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि शासन का उद्देश्य किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराकर दलहन फसलों का रकबा एवं उत्पादन बढ़ाना है। अरहर की भीमा किस्म अधिक उत्पादन क्षमता वाली, रोगों के प्रति अपेक्षाकृत सहनशील तथा क्षेत्र की जलवायु के अनुकूल मानी जाती है।
इसके उपयोग से किसानों को बेहतर उपज एवं अधिक आर्थिक लाभ मिलने की संभावना रहती है। उन्होंने बताया कि दलहन फसलें न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि मिट्टी की उर्वराशक्ति बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अरहर जैसी दलहनी फसलें वायुमंडलीय नाइट्रोजन का स्थिरीकरण कर भूमि की उर्वरता बढ़ाती हैं, जिससे आगामी फसलों को भी लाभ मिलता है। इसके साथ ही दलहन फसलें पोषण सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनमें प्रोटीन की प्रचुर मात्रा होती है।
श्री मालवीय ने किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग द्वारा अनुशंसित उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीजों का उपयोग करें तथा वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाकर अधिक उत्पादन प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अधिकाधिक क्षेत्र में दलहन फसलों की खेती करने का आग्रह किया है, ताकि उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर हो और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त हो सके।

