भोपाल, 22 जून 2026। अशोकनगर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में डायल-112 जवानों की संवेदनशीलता एवं तत्पर कार्यवाही से घर से निकलकर गुम हुए 11 वर्षीय बालक को सुरक्षित तलाश कर उसकी माँ से मिलाया गया। समय पर की गई सहायता से बालक सकुशल अपने परिवार तक पहुँच सका।
21 जून को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दयाल हॉस्पिटल के पास एक 11 वर्षीय बालक गुम हो गया है। पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 स्टाफ प्रधान आरक्षक श्री आनंद सिकरवार एवं पायलट श्री नरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुँचकर परिजनों से बालक के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं उसका फोटो प्राप्त किया। इसके उपरांत टीम ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश एवं पूछताछ प्रारंभ की। तलाश के दौरान बालक अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर मिला, जिसे डायल-112 जवानों ने सुरक्षित संरक्षण में लिया।
आवश्यक पहचान एवं सत्यापन उपरांत बालक को उसकी माँ के सुपुर्द किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बालक माँ की डाँट से नाराज होकर घर से निकल गया था। अपने पुत्र को सकुशल पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा एवं पुलिस जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
डायल-112 हीरोज श्रृंखला की यह घटना दर्शाती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन सहायता ही नहीं, बल्कि बच्चों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए मानवीय संवेदनाओं के साथ हर परिस्थिति में सहायता पहुँचाने का कार्य भी निरंतर कर रही है।
