केंद्रीय मंत्री आवास एवं शहरी कार्य श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विरासत से विकास की प्रेरणा दी है और इसी को ध्येय बनाकर मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में उज्जैन में स्मार्ट सिटी के उत्कृष्ट कार्य हुए हैं, यह सराहनीय पहल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक दूरदर्शी सोच रखने वाले मुख्यमंत्री हैं, जो मध्यप्रदेश को बहुत आगे ले जाएंगे। हमारी सांस्कृतिक विरासत के बिना हमारा गौरव शून्य हो जाएगा। उज्जैन देशभर में आस्था का प्रमुख केंद्र बनें, इसके लिए कार्य जारी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने काशी में विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर और केदारनाथ धाम में विकास को नई दिशा दी है। देश में प्रधानमंत्री श्री मोदी के 12 साल के कार्य काल में कई अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। भारत ने आज दुनिया के देशों को नेतृत्व दिया है। देश में गरीब-जरूरतमंदों को नि:शुल्क आवास, राशन और गैस कनेक्शन दिए गए हैं। विगत 12 सालों में भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
सिंहस्थ – 2028 में शिप्रा मैया के जल से आचमन औैर स्नान करेंगे श्रद्धालु
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव भव्य और दिव्य सिंहस्थ 2028 के आयोजन के लिए पूरे संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। उज्जैन में माँ शिप्रा के घाटों का निर्माण तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। सिंहस्थ – 2028 में आने वाले श्रद्धालु शिप्रा मैया के जल से आचमन औैर स्नान करेंगे। सांवेर के 54 गांवों के किसान मां नर्मदा मैया के जल से सिंचाई कर रहे हैं, क्षेत्र के गांव-गांव तक नर्मदा जल पहुंचाने का कार्य जारी है। राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ हर वर्ग की चिंता करती है। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास श्री कैलाश विजयवर्गीय, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी, उज्जैन-आलोट सांसद श्री अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेश नाथ, राज्यसभा सदस्य श्री कविता पाटीदार, विधायक श्री मधु वर्मा, विधायक श्री मनोज पटेल, उज्जैन महापौर श्री मुकेश टटवाल, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
