
झाँसी मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में दिनांक 13 जून 2026 को उरई रेलवे स्टेशन एवं विभिन्न ट्रेनों में वृहद स्तर पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टिकट जांच स्टाफ द्वारा उरई स्टेशन परिसर एवं गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में सघन जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले, धूम्रपान करने वाले तथा रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
विशेष जांच अभियान के अंतर्गत गाड़ी संख्या 20104, 11109, 01416, 15024, 01080, 15066, 12591 एवं 11124 सहित विभिन्न ट्रेनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान अनेक अनियमित यात्री कार्रवाई से बचने के लिए कोच बदलते एवं छिपने का प्रयास करते दिखाई दिए, किंतु टिकट जांच दल द्वारा सतर्कता एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए उन्हें चिन्हित कर नियमानुसार दंडित किया गया।
अभियान के परिणामस्वरूप कुल 334 अनियमित यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जुर्माने एवं अतिरिक्त किराये के रूप में रु. 2.91 लाख का रेल राजस्व अर्जित किया गया। यह अभियान न केवल राजस्व संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि इससे रेलवे नियमों के अनुपालन को भी बढ़ावा मिला।
जांच के दौरान महिला एवं दिव्यांग कोचों की विशेष रूप से जांच की गई तथा इन कोचों में यात्रा कर रहे अनधिकृत यात्रियों को तत्काल अन्य उपयुक्त डिब्बों में स्थानांतरित किया गया, जिससे पात्र यात्रियों को निर्बाध एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री वीरेंद्र सिंह द्वारा किया गया। अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक/मुख्यालय श्री एम. एल. मीना, उप मुख्य टिकट निरीक्षक श्री एस. पी. लाल, श्री मुकेश कुशवाहा, श्री भूपेंद्र मीना, श्री देवी सिंह मीना एवं श्री सोनू राय सहित टिकट जांच स्टाफ की टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
झाँसी मंडल द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे, जिससे बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके तथा यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं नियमबद्ध यात्रा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
