पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने ग्राम पंचायत रंढाल में आयोजित गतिविधियों में हुए शामिल
नर्मदापुरम/12,जून,2026/ कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को जनपद पंचायत नर्मदापुरम अंतर्गत ग्राम पंचायत रंढाल पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित नवांकुर अभियान के तहत सीड बॉल निर्माण गतिविधि में सहभागिता की। उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस से प्रारंभ हुए इस अभियान का संचालन कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशानुसार जिलेभर में किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर सीड बॉल तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें आगामी वर्षा ऋतु में विभिन्न स्थानों पर फैलाकर वृक्षारोपण को बढ़ावा दिया जाएगा।
ग्राम पंचायत रंढाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रगति ग्राम संगठन की महिलाओं के साथ बैठकर सीड बॉल तैयार किए। इस अवसर पर आम, नीम, करंज, जामुन एवं महुआ जैसे विभिन्न प्रजातियों के बीजों को मिट्टी एवं जैविक खाद के साथ मिलाकर सीड बॉल बनाए गए। इन सीड बॉल का उपयोग वर्षा ऋतु में अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं हरित आवरण बढ़ाने के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्राम पंचायत परिसर में संचालित गौशाला का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के समय जानकारी दी गई कि गौशाला से निकलने वाले गोबर से जैविक खाद तैयार की जा रही है तथा पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसे का संग्रहण भी किया गया है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने गौशाला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पक्की नाली निर्माण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला से निकलने वाले गोबर का उपयोग जैविक खाद निर्माण में किया जाना एक सराहनीय एवं पर्यावरण हितैषी पहल है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि नवांकुर अभियान के माध्यम से जिले में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, सरपंच, शायद अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
फोटो संलग्न/
000
14 जून को ऑनलाइन योग सत्र से जुड़ेगा पूरा विश्व
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की
नर्मदापुरम/12,जून,2026/ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 14 जून, रविवार को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष योग सत्र गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में सम्मिलित होने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक आयोजन से जुड़कर नर्मदापुरम जिले को गौरवान्वित करें।
यह ऑनलाइन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास भारत एवं विश्वभर के नागरिकों की सहभागिता से आयोजित किया जा रहा है, जिसका आयोजन एमडीएनआईवाई (MDNIY), आयुष मंत्रालय एवं Habuild द्वारा किया जा रहा है। योग के इस ऐतिहासिक उत्सव के साथ प्रतिभागी #Yoga365 के संकल्प का भी हिस्सा बनेंगे।
ऑनलाइन योग सत्र में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी भारत के टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर WhatsApp मिस्ड कॉल देकर प्राप्त लिंक के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिभागी नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से भी अपना पंजीकरण कर सकते हैं —https://moa.habit.yoga/?ref=MadhyaPradesh
इसके माध्यम से ऑनलाइन योग सत्रों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। साथ ही सहभागियों को डिजिटल सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
