सीहोर, 27 अगस्त 2026
देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए, दिव्यांग हुए सैनिकों तथा पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए राज्य सैनिक बोर्ड द्वारा अनेक कार्यक्रम चलाए जाते हैं। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने इस पुनीत कार्य के लिए जिले के सभी अधिकारियों एवं नागरिकों से झंडा दिवस निधि में अधिक से अधिक दान करने की अपील की है।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि भारतीय सेना के तीनों अंग देश की रक्षा के लिए सदैव सजग रहते हैं। देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ देश की आंतरिक सुरक्षा एवं प्राकृतिक आपदा के समय नागरिकों की सुरक्षा में भी सेना का बहुत बड़ा योगदान है। कर्तव्य-पालन में हमारे अनेक सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उनके बलिदान एवं योगदान के लिए राष्ट्र उनका कृतज्ञ है। झंडा दिवस पर सशस्त्र सेनाओं के आश्रितों के कल्याण एवं पुनर्वास के लिये झंडा दिवस कोष में उदारतापूर्वक योगदान के जरिए उनके प्रति कृतज्ञता और एकजुटता प्रदर्शित करने का एक उत्तम अवसर है।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने बताया कि इस राशि का उपयोग शहीद सैनिकों की विधवाओं, दिव्यांग हुए सैनिकों एवं अन्य भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिये किया जाता है। पूरा देश झण्डा दिवस पर अपना अनुदान देकर सेना के प्रति अपनी एकता की भावना को व्यक्त करता है, जिससे सैनिक भी आश्वस्त होते हैं कि संपूर्ण देश उनके परिवार की सहायता के लिये प्रतिबद्ध है। इस दिवस पर हमारे देश के सैनिकों और देशवासियों के मध्य जो एक अपनेपन और विश्वास का रिश्ता है वो सुदृढ़ और आत्मीय होता है।
