गरियाबंद। नेशनल हाईवे-130C पर गुरुवार को हुए सड़क हादसे में गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। हादसा राजापड़ाव के पहले हाईवे के मोड़ पर हुआ, जहां गरियाबंद की ओर से आ रही एक मालवाहक पिकअप ने उनकी इनोवा वाहन को सामने से टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष अपने निज निवास से राजधानी रायपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि वाहन में सवार गौरी शंकर कश्यप सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला
यह हादसा जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक नेशनल हाईवे-130C पर झरियाबहारा से धुरवागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का हिस्सा अभ्यारण्य क्षेत्र में आता है, जहां सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं हो पा रहा है। बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और यातायात दबाव के चलते इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं।
करीब एक माह पहले भी इसी हाईवे पर हुए सड़क हादसे में देवभोग रेंजर और उनके चालक की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के चलते क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और चौड़ीकरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
