गरियाबंद 27 अगस्त 2026/ भारत सरकार, युवा कार्यक्रम, खेल मंत्रालय एवं ‘माय भारत’ तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग गरियाबंद के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को ‘खेलो इंडिया संवाद’ खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन गरियाबंद जिले के चिन्हित दो महाविद्यालयों में किया गया।
जिले में शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय, गरियाबंद एवं शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय, राजिम में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ समस्त शिक्षकगण एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री जी के संबोधन को सुना और खेलों के क्षेत्र में देश की उपलब्धियों तथा युवाओं की भूमिका से संबंधित विचारों को जाना।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देशभर के युवाओं को खेलों से जोड़ना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं, स्थानीय खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं के बीच खेलों को लेकर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए इसे स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

महाविद्यालयों में उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री जी के संबोधन को सुना तथा खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित हुए। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
–00–
